बाजार में सामान समेटते दुकानदार। स्रोत: वीडियो ग्रैप
रेवाड़ी। शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर वीरवार को नगर परिषद की एक टीम पहुंची। इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया। लोग अपनी-अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को जैसे तैसे समेटने लगे। पंजाबी मार्किट में कई दुकानदारों की नप टीम के साथ बहस भी हो गई। दुकानदार अपनी सीमा पर सामान रखने की बात कहने लगे।
टीम ने समझाया कि जितना सामान बाहर रखा गया है यह अतिक्रमण है। कई दुकानदार सुनने को तैयार नहीं थे। इसे लेकर खूब बहसबाजी भी हुई। बता दें कि अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। कुछ दिनों पहले बाजार में व्यापारियों की नगर परिषद की टीम के साथ कार्रवाई के दौरान आपसी विवाद भी हुआ था। इस विवाद में व्यापारियों ने अपनी दुकान बंद कर दी थी। अगले दिन दोपहर तक दुकान बंद करके विरोध भी किया था।
नगर परिषद की चेयरपर्सन ने कहा था कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई हमेशा जारी रहेगी। इसी क्रम में वीरवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण बहुत बड़ी समस्या है। इसे लेकर हमेशा अभियान चलता रहेगा। व्यापारियों से भी सहयोग की उम्मीद है।