रेवाड़ी। अखिल भारतीय पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एवं रिटायरीज एसोसिएशन की रेवाड़ी यूनिट की आम बैठक अनाज मंडी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के अग्रणी बैंक कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जीत सिंह टाइगर ने की। जिला सचिव नारायण सिंह तंवर ने स्वागत संबोधन के साथ बैठक की शुरुआत की। इसके बाद दिवंगत सदस्यों की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में रेवाड़ी यूनिट के नए सदस्य शीश राम का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके अलावा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों कैलाश चंद, एचएस तोबड़िया, कंवर सिंह, जय सिंह, मदन लाल खिंची, कर्मवीर यादव, सुशीला यादव और सजना देवी को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लाल सिंह, पतराम यादव और ओमप्रकाश को पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न और डोगा भेंट कर विशेष सम्मान दिया गया। बैठक में स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी और पेंशन अपडेशन सहित पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर राज्य अध्यक्ष आरसी यादव, सर्कल अध्यक्ष एसपी यादव, सर्कल सचिव अरुण गुप्ता, एनसी राजोरा, सुभाष चंद और सतीश बटला सहित वरिष्ठ सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष जीत सिंह टाइगर ने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।