रेवाड़ी। किशन लाल पब्लिक कॉलेज के प्रबंधन विभाग की ओर से शुक्रवार को कॅरिअर विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्य वक्ता डॉ. मोनिका अरोड़ा ने विद्यार्थियों को आधुनिक उद्योग की जरूरतों, कॅरिअर के अवसरों और व्यावहारिक कौशलों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कविता गुप्ता और समन्वयक डॉ. मंजू गर्ग की उपस्थिति में हुआ। प्राचार्य ने कहा कि कॅरिअर में सफलता के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। आत्मविश्वास, निरंतर सीखने की इच्छा और व्यावहारिक कौशल भी जरूरी हैं।
विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। डॉ. मंजू गर्ग ने भी विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करने और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मोनिका अरोड़ा ने कारोबार एनालिटिक्स और ई-कॉमर्स जैसे क्षेत्रों में उभरते अवसरों, उद्योग के बदलते रुझानों और कॅरिअर की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी कक्षा में प्राप्त ज्ञान को कॉरपोरेट जगत और व्यावहारिक कार्यक्षेत्र में किस प्रकार लागू कर सकते हैं। साथ ही, उद्योग की मांग के अनुरूप कौशल विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा यादव ने किया। कॉलेज प्रबंधकारिणी समिति के प्रधान रिपु दमन गुप्ता, उपप्रधान संदीप खंडेलवाल, सचिव अरविंद गुप्ता और कोषाध्यक्ष ऊषा रुस्तगी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए रोजगारपरक कार्यशालाओं की सराहना की। कार्यशाला को सफल बनाने में राजकुमार, लक्ष्य, शिखा, डॉ. अनीता, आशु, सुषमा, मीना, अंजली और रमनदीप का योगदान रहा।