डहीना। क्षेत्र के गांव सीहा में दादू पंथी सिद्ध योगिराज बाबा रामस्वरूपदास महाराज की स्मृति में पहाड़ी पर लगे मेले में उमड़े श्रद्धालुओं ने मत्था टेका और मन्नते मानीं।
बारिश के बाद भी श्रद्धालुओं की श्रद्धा में कोई कमी नहीं आई और देर रात तक भी श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए आते रहे। वैसे मेले में सुबह के समय से पेट पलनिया श्रद्धालु अपने परिजनों के साथ पेट के बल चलते हुए बाबा के दर्शन के लिए पहाड़ पर चढ़ाई करने लगे थे। उधर, मेले की व्यवस्था रखने के लिए पुलिस प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्था थी और कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। मेले में दुकानदारों ने अपनी दुकानों को भी बड़े व्यवस्थित ढंग से लगाया हुआ था। मेले में झूलों का विशेष प्रबंध था और श्रद्धालु अपने बच्चों के साथ झूलों का आनंद ले रहे थे। आश्रम के महंत नरोत्तम दास महाराज के कुशल संयोजन एवं प्रेरक मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में विभिन्न आश्रमों ओर गद्दियों से महंत व अन्य साधु समाज भी मेले में आकर इस भव्य मेले की शोभा बढ़ा रहे थे। मेले में देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं ने पहुंच कर दही और चावल का प्रसाद भी लिया ।