सेक्टर रोड की मौजूदा दशा। स्रोत : ग्रामीण
धारूहेड़ा। कस्बे में रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से अधर में लटके 44 फुट चौड़े सेक्टर रोड का निर्माण अब दोबारा शुरू किया जाएगा। रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि करीब 15 वर्षों से रुके हुए इस रोड को 6 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।
विधायक ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में रोड निर्माण को लेकर निर्णय लिया गया है। यह सड़क पुलिस स्टेशन के पास से सैनी कॉलोनी तक पहले ही बनाई जा चुकी है, लेकिन आगे कुछ लोगों के न्यायालय में जाने के कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया था।
उन्होंने बताया कि अब निर्णय लिया गया है कि जहां किसी प्रकार की कानूनी अड़चन नहीं है, वहां सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। इस रोड के लिए भूमि का मुआवजा भी दिया जा चुका है। जिन लोगों ने मुआवजा नहीं लिया है, उनकी राशि सरकारी खजाने में जमा कराई जा चुकी है।
यह सेक्टर रोड मातादीन कॉलोनी से होते हुए सोहना-पलवल-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-919 से जुड़ेगा। इसके बनने से कस्बे में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा। इससे रोजाना लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जहां कोई बाधा नहीं है, वहां सड़क निर्माण शुरू कराया जाएगा। न्यायालय का जो भी अंतिम निर्णय आएगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण सड़क के बनने से धारूहेड़ा के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।