रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-1 स्थित शॉपिंग कांप्लेक्स में स्कूटी पर सवार होकर आए दो युवकों ने एक दुकानदार को झांसा देकर करीब 9 हजार रुपये की सिगरेट से भरा बड़ा डिब्बा व अन्य सामान छीनकर फरार हो गए। लेकिन आरोपियों के फुटेज दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड निवासी अरुण गुप्ता ने सेक्टर-1 शॉपिंग कांप्लेक्स में परचून की दुकान खोली हुई है। बुधवार शाम को करीब पांच बजे उसका भाई राजेश दुकान पर था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर दो युवक आए, जिनकी उम्र करीब 20 साल बताई गई है। एक युवक ने राजेश से कुछ सामान मांगा। इसी दौरान दूसरे युवक ने काउंटर पर करीब 9 हजार रुपये की सिगरेट से भरा डिब्बा व अन्य सामान उठा लिया तथा स्कूटी पर जाकर बैठ गए। राजेश के शोर मचाने पर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए, लेकिन घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना के बाद आसपास के लोग व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अरुण की शिकायत पर सेक्टर- 3 चौकी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।