मॉडल टाउन थाना पुलिस ने सेक्टर-4 निवासी डॉक्टर से करीब चार लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में दूसरे आरोपी को शनिवार शाम को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान सरस्वती विहार निवासी कमल उर्फ कमलू के रूप में हुई है।
मॉडल टाऊन थाना प्रभारी बिजेंद्र ने बताया की शहर की शिव कॉलोनी निवासी डॉक्टर आशीष वर्तमान में सेक्टर चार में अपने परिवार के साथ किराये पर रहता है तथा गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। वीरवार की दोपहर को डॉक्टर आशीष की मां के पास किसी व्यक्ति का फोन आया तथा डॉक्टर के बारे में पूछताछ की। डॉक्टर की मां ने किसी मरीज का फोन समझ कर उसे डॉक्टर आशीष का नंबर दे दिया। कुछ देर बाद डॉक्टर आशीष के पास कॉल करके बदमाश ने चार लाख रुपये देने की धमकी दी। पैसे ऑनलाइन भेजने की बात कही गई। इस बारे में पुलिस को सूचना देने पर परिवार का एक सदस्य को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने डॉक्टर आशीष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मामले पुलिस ने एक आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप उर्फ केशव को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने शनिवार शाम को मामले में दूसरे आरोपी कमल उर्फ कमलू को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का कोविड-19 टेस्ट कराकर धामलावास सेंटर पर रखा गया है।