रेवाड़ी। विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार और ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) की ओर से सर्कुलर स्कूल लेवल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसको दो समूहों में बांटा गया है। ग्रुप-ए में कक्षा 5वीं से 7वीं और ग्रुप-बी में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे।
प्रतियोगिता के लिए दो विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें स्कूल और घर में ऊर्जा बचाएं और ऊर्जा संरक्षण ही ऊर्जा सुरक्षा की कुंजी है शामिल हैं। विद्यार्थियों को इन्हीं विषयों पर अपनी रचनात्मकता के माध्यम से पेंटिंग तैयार करनी होगी।
स्कूल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों की पेंटिंग राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजी जाएगी। जानकारी के अनुसार स्कूलों को चयनित पेंटिंग्स 15 अक्तूबर तक संबंधित नोडल अधिकारी के पास जमा करवानी होंगी।
इसके बाद चयनित विद्यार्थियों के लिए राज्य स्तर की प्रतियोगिता 19 नवंबर को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा की बचत, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा। स्कूलों से अधिक-से-अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
राज्यस्तर पर विजेताओं को मिलेंगे 50 हजार रुपये तक के पुरस्कार
राज्यस्तर पर प्रत्येक समूह के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये, द्वितीय को 30 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक समूह में 10 विद्यार्थियों को 7,500 रुपये का प्रशंसा पुरस्कार भी मिलेगा। राज्य स्तर के दोनों समूहों से शीर्ष तीन-तीन विजेताओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, लैपटॉप और स्वर्ण पदक, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये, लैपटॉप और रजत पदक तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये, लैपटॉप और कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे।