संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हिसार जिले के बांस बादशाहपुर स्थित एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल विजेंद्र सिंह की दो छात्रों ने गुरु पूर्णिमा के दिन हत्या कर दी। हरियाणा प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन ने इस घटना की निंदा की है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल यादव ने सरकार से मांग की है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उन्हें कठोर सजा दी जाए। यह घटना शिक्षा जगत की गरिमा पर कुठाराघात है। प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित वातावरण बनाया जाए।
एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक जवाहर दूहन ने कहा कि आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए और प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द जेल भेजा जाना चाहिए।
जिला प्रधान नवीन सैनी ने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाया तो शिक्षक-शिष्य रिश्ता दागदार हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस घटना के विरोध में हरियाणा प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन नगराधीश प्रीति के माध्यम से सौंपा गया। सभी निजी स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों से इस घटना का विरोध करने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष रणबीर चौधरी, अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, ओमबीर सिंह, सत्यपाल, अधिवक्ता हिमांशु, अमन कुमार, दीपक शुक्ला, अनुभव सिवाच, जतिन डागर, अभिमन्यु एवं सभी स्कूलों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।