संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शिक्षा विभाग ने बुनियाद और सुपर-100 परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा 24 दिसंबर और सुपर-100 की प्रथम चरण की परीक्षा 5 फरवरी 2025 को होगी। विद्यार्थियों का चयन वर्ष 2025-27 सत्र के लिए किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 8वीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी, जिन्होंने 7वीं कक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। 60 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण करवाना ऐच्छिक रहेगा। बुनियाद कार्यक्रम व सुपर-100 स्कूल शिक्षा विभाग व हरियाणा सरकार की ओर से विकल्प फाउंडेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को सक्षम व प्रशिक्षित करने के लिए शुरू किया गया कार्यक्रम है। बुनियाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ाना व उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण की नींव डालना है।
विकल्प संस्थान की तरफ से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाती है। पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रथम चरण की खंडस्तरीय परीक्षा में भाग लेने के लिए 8वीं व 10वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पंजीकरण करवाना होगा। रजिस्ट्रेशन के संदर्भ में किसी भी प्रकार की जानकारी व समाधान के लिए विकल्प संस्थान के प्रतिनिधि के साथ एबीआरसी व बीआरपी से विद्यार्थी संपर्क कर सकते हैं। विभाग की ओर से बुनियाद व सुपर-100 के लिए विद्यार्थियों को खंड स्तर पर लगातार जागरूक किया जा रहा है।
बुनियाद परीक्षा का शेड्यूल
प्रथम चरण की परीक्षा 24 दिसंबर
परीक्षा का परिणाम 20 जनवरी 2025
द्वितीय चरण की परीक्षा 28 जनवरी 2025
परीक्षा का परिणाम 7 फरवरी 2025
तृतीय चरण की परीक्षा 11 फरवरी 2025
परीक्षा का परिणाम 20 मार्च 2025
काउंसिलिंग 25 मार्च 2025
नया बैच प्रारंभ 7 अप्रैल 2025
सुपर-100 का शेड्यूल
खंडस्तरीय जागरूकता अभियान 18 नवंबर
प्रथम चरण की परीक्षा 5 फरवरी 2025
परीक्षा का परिणाम 20 फरवरी 2025
द्वितीय चरण की परीक्षा 5 अप्रैल 2025
परीक्षा का परिणाम 30 अप्रैल 2025
नया बैच प्रारंभ 5 मई 2025
-
वर्जन :
सुपर-100 व बुनियाद परीक्षा का शेड्यूल जारी किया गया है। मिशन बुनियाद और सुपर-100 योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए खंड स्तर पर जागरूकता अभियान और कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसमें विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को योजनाओं के बारे में बताया जाता है। जागरूकता फैलाने के लिए सेमिनार भी आयोजित की जाती है।- रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, रेवाड़ी।