रेवाड़ी। माजरा और भालखी गांव के सरपंचों के बीच चली आ रही चौधर की लड़ाई अब खूनी संघर्ष का रूप ले चुकी है। माजरा एम्स के पास गणतंत्र दिवस पर 3-4 गाड़ियों से आए 15-20 युवकों ने भाखली सरपंच के प्रतिनिधि सुरेंद्र उर्फ डालिया पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस समय सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र उर्फ डालिया गणतंत्र दिवस के प्रोग्राम से घर जा रहे थे। हमलावरों ने अपनी गाड़ी से पहले सुरेंद्र की गाड़ी में टक्कर मारी। पहले तो सूचना मिली कि मारपीट में सुरेंद्र के पैर में गोली मार दी गई है, मगर जब पुलिस ने जांच की तो मालूम चला कि ये अफवाह है।
सुरेंद्र सड़क के किनारे पड़े थे और हमलावर उनके ऊपर लाठी बरसा रहे थे। इस दौरान एक शख्स किसी हरिओम नाम के व्यक्ति का नाम ले रहा था।
एक बदमाश सुरेंद्र की गाड़ी पर भी डंडे बरसाने लगा। इसमें गाड़ी के शीशे और डैशबोर्ड टूट गया। इसके बाद बदमाश अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया, भागते हुए बदमाशों की मैगजीन नीचे गिर गई।
माजरा गांव के सरपंच रविंद्र हाथी और भालखी के सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र उर्फ डोलिया के बीच पिछले सप्ताह सीवर नाले को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद किसी ने रविंद्र हाथी पर हमला कर दिया। रविंद्र को कई गंभीर चोट लगी थी। मामले में रविंद्र ने सुरेंद्र पर हमले का आरोप लगाया था। कुंड पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
अब सुरेंद्र पर हुए हमले का आरोप माजरा के सरपंच रविंद्र हाथी और उसके साथियों पर लगा है। सुरेंद्र के साथियों का कहना है कि सीवर विवाद को लेकर ही रविंद्र ने हमला कराया है।
हमले के बाद सुरेंद्र को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि माजरा और भालखी गांव एक दूसरे से सटे हुए हैं। रविंद्र हाथी माजरा गांव के सरपंच है। जबकि भालखी की सरपंच हंसा बाई है। सुरेंद्र पहलवान रिश्ते में हंसा बाई के देवर हैं। पिछले कुछ समय से दोनों गांवों के सरपंचों के बीच विवाद बना हुआ है।
वर्जन:
हमले में फायरिंग की सूचना मिली थी, अभी तक की जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -पवन कुमार, डीएसपी ट्रैफिक
लाठी-डंडों से सरपंच प्रतिनिधि पर हमला करते बदमाश। स्रोत : वीडियो ग्रैब