आरोपी प्रदीप उर्फ ढिल्ला उर्फ सोनू। स्रोत : पुलिस
भिवाड़ी(रेवाड़ी)। सक्रिय गैंगस्टर संजीव चाहल गैंग के शूटर झज्जर के जसोरखेड़ी निवासी प्रदीप उर्फ ढिल्ला उर्फ सोनू (35) को भिवाड़ी पुलिस व डीएसटी की टीम ने दिल्ली के द्वारका इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी वर्ष 2019 से फरार चल रहा था और उसके ऊपर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि 21 मई 2019 की रात करीब 9 बजकर 40 मिनट पर भिवाड़ी के भगत सिंह कॉलोनी स्थित एटीएम के पास राजबीर सिंह नामक युवक अपनी महिंद्रा गाड़ी से पैसे निकालकर लौट रहा था। तभी 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने उसे कार में ही किडनैप कर लिया।
सुनसान जगह ले जाकर गाड़ी, 9 हजार रुपये, आईफोन, आधार-पैन कार्ड सहित अन्य सामान लूट लिया और धारूहेड़ा की तरफ फरार हो गए थे। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। वहीं गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 15 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। आरोपी को कोर्ट से जारी वारंट पर गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।
प्रदीप उर्फ ढिल्ला का रहा है अपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक प्रदीप उर्फ ढिल्ला मंजीत माहल गैंग का भी सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ दिल्ली-हरियाणा में हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, गैंगवार और आर्म्स एक्ट सहित कुल 7 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह और उसके साथी लग्जरी गाड़ियां लूटकर उनमें बड़े अपराध करने जाते थे। उसने हरियाणा और दिल्ली में शराब ठेके, पेट्रोल पंप और व्यापारियों से कुल करीब डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा की लूट की कई वारदातें करना स्वीकार किया है जिनमें सोनीपत, कुंडली, जनकपुरी दिल्ली आदि इलाकों में 25 से 32 लाख तक की अलग-अलग लूट शामिल हैं।