फोटो : 16स्वच्छता की शपथ दिलाते प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र यादव। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। स्वच्छता विजन को ध्यान में रखते हुए जिला नागरिक अस्पताल में छठा विशेष सघन स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान सफाई योद्धाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। यह अभियान सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चला जिसकी अध्यक्षता प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र यादव ने की।
इस अवसर पर अस्पताल के भीतर और बाहर दोनों क्षेत्रों में सफाई की गई ताकि मरीजों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। अभियान की शुरुआत में डॉ. सुरेंद्र यादव ने सभी सफाई योद्धाओं को शपथ दिलाई कि वे परिसर को स्वच्छ रखेंगे और गंदगी फैलाने से बचेंगे।
अभियान में डॉ. नवीन यादव, आर्थोपेडिशियन डॉ. दीपक मेहता, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर सरोज व राजबाला, प्रदीप नर्सिंग ऑफिसर, सभी सुपरवाइजर, हाउसकीपिंग स्टाफ, वार्ड अटेंडेंट, सिक्योरिटी गार्ड, लिफ्ट ऑपरेटर व गैस मैनिफोल्ड कर्मचारी ने भाग लिया।
डॉ. सुरेंद्र यादव स्वयं दो घंटे सफाई कार्य में शामिल रहे और सभी कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया।
प्रधान चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह विशेष सफाई अभियान प्रत्येक शनिवार सुबह 7 से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा जिसमें आमजन और स्वयंसेवी संस्थाएं भी शामिल हो सकेंगी।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि पॉलिथीन का प्रयोग न करें और उसकी जगह जूट के थैले का उपयोग करें जिससे प्रदूषण घटे और रेवाड़ी को स्वच्छ व सुंदर रखा जा सके।