संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने शोषण और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ निर्णायक संघर्ष करने का निर्णय लिया है। जिला प्रधान राजकुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक का संचालन जिला सचिव मनोज कुमार ने किया। इसमें बताया गया कि ट्रेड यूनियन के जत्थे 4 और 5 फरवरी को प्रदेश के गांव और कस्बों में जाकर कर्मचारियों को आंदोलन में शामिल करेंगे।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के तत्वावधान में बनी ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समिति ने मांगें मनवाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन का रोडमैप तैयार किया है।
इसके तहत 8, 9 और 10 फरवरी को स्थानीय विधायकों को मांग पत्र सौंपा जाएगा, जबकि 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी होगी।
जिला उपप्रधान नवल किशोर ने बताया कि 1 से 15 मार्च तक शोषण मुक्ति यात्रा निकाली जाएगी और 20 व 21 मार्च को दो दिवसीय पूर्ण राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी। जिला कैशियर संजय कुमार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
बैठक में जिला सहसचिव सोनू, नरेंद्र, राजेंद्र, अमित, राजकुमार, हंसराज, प्रवीण, सतबीर, कृष्ण, बबली, कृष्णा, निर्मला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।