फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस टिकटों की एडवांस बुकिंग के लिए उमड़े परीक्षार्थी, रोडवेज के इंतजाम फेल

विज्ञापन
roadwes - फोटो : Rewari
विज्ञापन
हरियाणा कर्मचारी चयन सेवा आयोग (एचएससीसी) की आज से होने वाली परीक्षा में जिले के 25,000 परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं। इनको प्रदेश के अलग-अलग जिलों में परीक्षा देनी है। हालांकि इतनी भारी संख्या में परीक्षार्थियों को लिए बस के टिकट हासिल करने में उनके पसीने छूट गए। शुक्रवार को रोडवेज बस स्टैंड में एडवांस टिकट बुकिंग के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी रही। इस दौरान अव्यवस्था के चलते परीक्षार्थियों को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस के जवानों की मदद से टिकटों की एडवांस बुकिंग की गई।
विज्ञापन

पंद्रह दिन पूर्व ही एसएससीसी ने लिपिक भर्ती परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों के लिए रोल नंबर व परीक्षा केंद्र की जानकारी घोषित कर दी थी। इसके बाद से रोडवेज विभाग ने परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परीक्षा तिथियों के दौरान स्पेशल बसों से लेकर दूसरी तैयारी शुरू कर दी थी लेकिन रेवाड़ी डिपो में ऐसी किसी तरह की तैयारी नहीं हुई। जिसकी वजह से बीते दो दिनों से रोडवेज बसों के टिकट बुक कराने के लिए परीक्षार्थियों को इस अव्यवस्था का शिकार होना पड़ा। एडवांस बुकिंग के लिए युवाओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान कई बार पुलिस कर्मचारियों व युवाओं की नोंकझोंक भी हुई। परीक्षार्थियों की उमड़ी भीड़ के कारण अव्यवस्था का आलम रहा।
टिकटों की एडवांस बुकिंग के लिए बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह 8 बजे से ही कतारें लगनी शुरू हो गई। महिलाओं के काउंटरों पर भी लंबी कतार लगी रही। महिला परीक्षार्थियों के टिकटों की बुकिंग कराने के लिए उनके अभिभावक पहुंचे। गर्मी के चलते पसीने से तरबतर होना पड़ा। स्थानीय प्रबंधन की व्यवस्थाओं के आगे अभिभावक भी बेबस नजर आए। यह परीक्षा तीन दिन चलेगी। परीक्षा में जिले से 25 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। जिले के अधिकतर परीक्षार्थियों को अंबाला, पंचकूला, कैथल, जींद, करनाल, सिरसा, हिसार, पानीपत यमुनानगर, फरीदाबाद, गुरुग्राम, आदि में बने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी।
विज्ञापन

आनलाइन टिकट बुकिंग नहीं हो रही
हाइटेक दौर में भी रोडवेज विभाग पुराने दौर में ही जी रहा है। इस वजह से ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ा रहा है। रोडवेज बस स्टैंड में टिकट बुकिंग की कतार में लगे दीपक डहीना ने कहा कि एक ओर तो सरकार डिजिटल इंडिया को बढ़ावा दे रही है। वहीं दूसरी ओर लिपिक की परीक्षा देने के लिए बस स्टैंड पर टिकट बुकिंग करा रही है। रोडवेज द्वारा ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था की जाती तो समय की बचत होती तथा परीक्षा की तैयारी के लिए भी समय मिलता।
परीक्षार्थियों की जुबानी
सीहा निवासी नितिन कुमार की रविवार को यमुनानगर में परीक्षा है। वो चार घंटे से रोडवेज बस में टिकट बुकिंग के लिए कतार में लगा है। अव्यवस्था के कारण परेशानी हो रही है। रोडवेज कर्मचारी सीधे मुंह बात तक नहीं कर रहे हैं।
रेवाड़ी निवासी बुजुर्ग छत्रपाल अपनी पोती के लिए टिकट बुकिंग कराने पहुंचे थे। चार घंटे लाइन में लगने के बाद भी नंबर नहीं आया। वह कहते हैं कि अधिकारियों द्वारा आधी अधूरी तैयारियों के साथ काउंटरों पर बुकिंग शुरू कर दी गई।
परीक्षार्थी मनोज कुमार ने बताया कि पांच घंटे का समय केवल टिकट बुकिंग में ही व्यर्थ हो गया। रोडवेज को पूर्व में ही एडवांस बुकिंग के लिए योजना बनाकर काउंटर लगाते तो परेशानी भी नहीं होती। बुकिंग एक सप्ताह पूर्व शुरू की जाती तो परीक्षार्थियों को परेशानी न होती।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें