बस की चपेट में आने से छात्रा घायल। स्रोत: ग्रामीण
कोसली। खेड़ी गांव में वीरवार की सुबह रेवाड़ी डिपो की रोडवेज बस की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्रा मधु घायल हो गई। हादसे के बाद चालक बाजरे के खेत में छिप गया। हादसे के खिलाफ क्रुद्ध ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने चालक को खेत से निकाला और उसकी पिटाई की। सूचना मिलने पर पहुंची जाटूसाना थाना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खत्म कराया।
खेड़ी निवासी गंगाराम की बेटी मधु (15) रेवाड़ी में कोचिंग में पढ़ती है। वीरवार की सुबह वह रेवाड़ी जाने के लिए गांव के बस अड्डे पर पहुंची थी। इसी बीच गुजरवास से रेवाड़ी जा रही रोडवेज की बस आई जो यात्रियों से भरी हुई थी। मधु बस की अगली खिड़की के पास चढ़ने का प्रयास कर रही थी। वह एक पैर के सहारे बस पर चढ़ी थी कि बस चल पड़ी। इससे वह गिर गई।
बस का पहिया उसके दोनों पैरों पर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक बस रोककर पास के बाजरे के खेत में छिप गया। बस में सवार यात्रियों और ग्रामीणों ने उसका पीछा किया। ग्रामीणों के आने पर चालक हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। ग्रामीणों ने उसे खेत से निकाला और उसकी पिटाई की। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर कोसली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर यातायात सुचारू कराया।
वर्जन:
मामले में चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है। - विद्यासागर, प्रभारी, जाटूसाना थाना