रेवाड़ी। सेक्टर-18 मोड़ पर वीरवार की दोपहर छात्राओं से भरा ऑटो रिक्शा कार से टकराकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार 12 छात्राएं घायल हो गईं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। आसपास के लोगों ने ऑटो रिक्शा में फंसी छात्राओं को बाहर निकाला।
सेक्टर-18 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय से छात्राओं को लेकर ऑटो रिक्शा बस स्टैंड की ओर आ रहा था। इसी दौरान सेक्टर-18 मोड़ पर ऑटोरिक्शा की टक्कर कार से हो गई। टक्कर के बाद ऑटो रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे में 12 छात्राएं घायल हो गईं। मुस्कान, कशिश, पिंकी, कुमकुम, मोनिका, सोनिया और चिनाया को अधिक चोटें आई जबकि अन्य छात्राएं मामूली रूप से घायल हुईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि ऑटो चालक के पास वाहन से संबंधित पूरे कागजात नहीं थे। बताया गया कि ऑटो की आरसी अदालत में जमा है। वहीं, प्रदूषण प्रमाणपत्र और चालक का लाइसेंस भी नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में ऑटोरिक्शा की तेज गति को हादसे का कारण बताया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन हजार छात्राएं, बस स्टैंड से कॉलेज तक परिवहन सुविधा नहीं
सेक्टर-18 स्थित महिला कॉलेज में 3000 छात्राएं पढ़ती हैं। बस स्टैंड से कॉलेज की दूरी करीब तीन किलोमीटर है, लेकिन छात्राओं के लिए बस स्टैंड से कॉलेज तक नियमित परिवहन सुविधा नहीं है। इसके चलते छात्राओं को ऑटो के भरोसे रहना पड़ता है। ऑटो नहीं मिलने पर उन्हें पैदल ही कॉलेज और बस स्टैंड के बीच आना-जाना पड़ता है। कॉलेज हुडा बाईपास से भी करीब एक किलोमीटर अंदर है। मुख्य मार्ग से हटकर और गांव क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं है। छात्राओं के लिए परिवहन सुविधा नहीं होने से उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्जन:
हादसे में सभी छात्राएं सुरक्षित हैं। परिवहन सुविधाओं को लेकर प्रशासन को लिखा हुआ है। फिलहाल तीन बसें कॉलेज से बस स्टैंड के लिए चलाई जाती हैं। बसों की टाइमिंग को लेकर व्यवस्था बनाने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। जिससे छात्राएं निजी वाहनों का सहारा ना ले सके।-डॉ. ज्योति यादव, प्राचार्य, राजकीय कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-18
वर्जन:
ट्रॉमा सेंटर में छह छात्राओं के घायल होने की एमएलआर कटी है। अभी परिजनों की तरफ से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।-रत्नलाल, थाना प्रभारी, मॉडल टाउन रेवाड़ी
हादसे में क्षतिग्रस्त कार। स्रोत: वीडियो ग्रैब
हादसे में क्षतिग्रस्त कार। स्रोत: वीडियो ग्रैब
हादसे में क्षतिग्रस्त कार। स्रोत: वीडियो ग्रैब