रेवाड़ी। शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से सड़कें सिकुड़ गई हैं। फुटपाथ पर भी रेहड़ी-फड़ी वालों ने कब्जा कर रखा है जिससे पैदल जाने वाले लोग सड़क पर चलते हैं जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। अतिक्रमण के चलते जाम लगता है जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
शहर में प्रतिदिन 20 हजार से अधिक वाहन और 1 लाख से ज्यादा लोग आवागमन करते हैं। त्योहारी सीजन आने के बाद भी अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से दिनभर जाम जैसे हालात बने रहते हैं।
शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी यातायात को नियंत्रित करने और जाम खुलवाने में जुटे रहते हैं, लेकिन अतिक्रमण के कारण उन्हें बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस की ओर से नगर परिषद से कई बार अतिक्रमण हटाने की मांग भी उठाई जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पुलिस यातायात को नियंत्रित कर सकती है, लेकिन सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभाग की प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
सर्कुलर रोड पर बस स्टैंड मार्ग के आसपास फुटपाथ पर अतिक्रमण होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फुटपाथ पर सामान रखने और अन्य तरह से जगह घेरने के कारण लोगों को पैदल चलने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता।
ऐसे में राहगीरों को मजबूरन सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं, वाहनों की आवाजाही के बीच पैदल चलने वालों के कारण कई बार यातायात भी बाधित हो जाता है और जाम की स्थिति बन जाती है।
नगर परिषद की ओर से नहीं चलाया जा रहा अभियान
शहर में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ने के बाद भी नगर परिषद की ओर से प्रभावी और नियमित अभियान नहीं चलाए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। अतिक्रमण हटाने के लिए केवल औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय नियमित निगरानी और ठोस व्यवस्था की जरूरत है। यदि किसी स्थान से रेहड़ी-फड़ी हटाई भी जाती हैं, तो कुछ समय बाद दोबारा वहीं कब्जा हो जाता है। ऐसे में स्थायी समाधान के लिए अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र निर्धारित करने, फुटपाथ खाली रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने की जरूरत है।
अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग
स्थानीय रामपाल ने बताया कि शहर में बढ़ते वाहनों और लोगों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुधारना जरूरी हो गया है। नगर परिषद और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके। विनोद कुमार ने बताया कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में शहर की यातायात व्यवस्था को संभालना और मुश्किल हो सकता है।
वर्जन
गर परिषद की तरफ से समय-समय पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। जहां पर अतिक्रमण है वहां पर कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों से भी अपील है कि नगर परिषद का सहयोग करें। -विनीता पीपल, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।