संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। कस्बे में ओवरब्रिज टूटने के बाद आ रही परेशानियों को देखते हुए मार्केटिंग बोर्ड की ओर से कोसली-कनीना मार्ग से धनिया फाटक तक दो किलोमीटर लंबी सड़क बनाने की घोषणा की गई थी। इसके बाद भी अभी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया।
कोसली के पूर्व विधायक ने तीन अगस्त को 93 लाख की लागत से बनने वाले सड़क मार्ग का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया था। इस सड़क मार्ग के बनने से क्षेत्र के लोगों के साथ महेंद्रगढ़, कनीना, रोहतक, झज्जर, दिल्ली जोड़ने वाले वाहन चालकों को फायदा होना था। कोसली बाजार में बढ़ते यातायात के दबाव को कम किए जाने की आशा थी। तीन माह बीत जाने के बाद इस शिलान्यास किए सड़क की अभी तक कोई सुध नहीं ली गई है, जिसके चलते क्षेत्र के लोग खासे परेशानी झेल रहे हैं। बताते चलें कि कोसली क्षेत्र के लोगों को बाजार में लगने वाली भारी वाहनों के जाम से निजात दिलाने के लिए ओवरब्रिज के साथ-साथ शुरू किया गया बाईपास पिछले बारह साल से अधूरा पड़ा हुआ है।
पिछले बारह साल में पैमाईश करवाकर कार्य शुरू करने के लिए 65 करोड रुपये के बजट से इस अधूरे पड़े बाईपास को बनाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। इसके चलते लाईन पार गांव धनिया, भाकली, जुड्डी सहित आधा दर्जन गांवों के किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्हें अपनी खेती करने के लिए ओवरब्रिज का दोबारा निर्माण करने के लिए तोड़े जाने के बाद कई किलोमीटर चक्कर लगाकर आना जाना पड़ रहा है, जिसके कारण उनका समय व पैसा दोनों लग रहे हैं।
वर्जन
इस बाईपास में एक साल से अधिक समय लगेगा। इसमें रेलवे लाइन पर धनिया फाटक पर उपरगामी पुल बनना है। -विरेंद्र सिंह, एसडीओ, लोकनिर्माण विभाग।
वर्जन
इस सड़क मार्ग के शुभारंभ होने के बाद आचार संहिता लगने के कारण दो माह कार्य शुरू नहीं हो पाया। अब जल्द ही इसका कार्य शुरू करवाया जाएगा।- नरेंद्र यादव, सचिव मार्केटिंग बोर्ड