रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सड़क हादसे के बाद मौके पर छोड़े गए कंटेनर की तलाशी लेने पर कसौला थाना पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। कंटेनर में करीब एक हजार पंखे रखे हुए थे और उनकी आड़ में अलग-अलग अंग्रेजी ब्रांड की 276 पेटी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। बरामद शराब में कुल 3,320 बोतलें हैं। शराब से संबंधित कोई कागजात भी कंटेनर से नहीं मिले। पुलिस ने शराब की पेटियों और कंटेनर को कब्जे में लेकर एक्साइज एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना कसौला प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आशाही पुल के पास एक खराब कैंटर को ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक अन्य कंटेनर ने कैंटर में टक्कर मार दी। हादसे में कैंटर ठीक कर रहे दिल्ली निवासी मिस्त्री मनोज कुमार (55) की मौत हो गई, जबकि कैंटर मालिक ललन प्रसाद (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला कंटेनर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया।
केबिन की जांच में दिखाई दीं शराब की पेटियां
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को कब्जे में ले लिया। चालक की पहचान के लिए पुलिस ने कंटेनर के केबिन की जांच शुरू की। इस दौरान अंदर शराब की पेटियां दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने कंटेनर की पूरी तलाशी ली। तलाशी में करीब एक हजार पंखों के पीछे अलग-अलग ब्रांड की शराब की पेटियां छिपाकर रखी मिलीं।
कुल 276 पेटियों में 3,320 बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने शराब की पेटियों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और कंटेनर को थाने में खड़ा कराया।
गाजियाबाद से मुंबई ले जाने की जानकारी
पुलिस को कंटेनर में मिली बिल्टी से प्रारंभिक तौर पर इसके गाजियाबाद से मुंबई जाने की जानकारी मिली है। वाहन मालिक से पूछताछ के दौरान कंटेनर चालक का नाम रिसाल बताया गया है। वह मेवात क्षेत्र का रहने वाला है। हादसे के बाद से चालक का कुछ अता पता नहीं है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लोड की गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
-
मिस्त्री की मौत के बाद खुला शराब तस्करी का राज
हादसे के समय ललन प्रसाद ने खराब कैंटर को ठीक कराने के लिए दिल्ली से मिस्त्री मनोज कुमार को बुलाया था। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने कैंटर को टक्कर मार दी। हादसे में मनोज कुमार की मौत हो गई और ललन प्रसाद घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद ललन को रेफर किया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक के फरार होने पर पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया। जांच के दौरान कंटेनर में छिपाकर रखी शराब का खुलासा हुआ। मामले की जांच जारी है।ना था। इसके साथ ही शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।