आम जनता को सेवा का अधिकार अधिनियम के दायरे में आने वाली सेवाओं को समय पर उपलब्ध कराने में रेवाड़ी जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने बताया कि सरल पोर्टल पर एक लाख 5 हजार 627 आवेदन हुए हैं, जिनमें से एक लाख 3 हजार 394 आवेदनों पर राइट टू सर्विस एक्ट के तहत सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। डीसी ने बताया कि रेवाड़ी का स्कोर पूरे प्रदेश में 9.7 है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा लोगों को पूरी पारदर्शिता, समयबद्घता व सुगमता से योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राइट टू सर्विस एक्ट में आम जिंदगी से जुड़ी 546 सेवाएं अधिसूचित हैं, जिसके लिए समय सीमा निर्धारित की गई है। सरकारी विभागों के अधिकारियों को उस समय अवधि में ही वे सेवाएं आम जनता को देनी हैै। सभी अधिकारी यह ध्यान रखें कि आवेदनों का रिजेक्शन रेट कम हो और पब्लिक सटिसफेक्शन रेट में सुधार हो। सरकार व राइट टू सर्विस कमीशन का ध्येय है कि सभी लोगों को समयबद्ध तरीके से सभी सरकारी सेवाएं उपलब्ध हों। राइट टू सर्विस कमीशन के मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता, सेवानिवृत्त आईएएस भी हिसार में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान राइट टू सर्विस के तहत सेवाएं देने में रेवाड़ी जिला प्रशासन की प्रशंसा कर चुके हैं। मुख्य आयुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि ‘रेवाड़ी जो राइट टू सर्विस के अंदर टॉप में है वहां जनता इतनी खुश है कि हर व्यक्ति हर ऑफिसर के लिए अच्छा बोल रहा है’।
उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सेवाएं व योजनाओं का लाभ देने के लिए इसी प्रकार निरंतर प्रयास जारी रखें। हरियाणा सरकार की ओर से शुरू किए गए सरल पोर्टल पर विभिन्न विभागों की सेवाएं व योजनाएं एक ही छत के नीचे ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका लोगों को पूरा लाभ मिल रहा है।