लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के जवाब में विधायक अनिल यादव ने कहा कि हाई लेवल परचेज कमेटी ने यहां जमीन का मुआवजा 60 लाख रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया है। जबकि धनिया गांव में सर्किल रेट 39 लाख 70 हजार प्रति एकड़ तथा सादत नगर में 47 लाख 88 हजार प्रति एकड़ का है।
विधायक अनिल यादव ने विधानसभा में कोसली बाईपास बनवाने का मामला जोर-शोर से उठाया है। उन्होंने कहा कि बाईपास का निर्माण नहीं होने के कारण कोसली स्टेशन के समीप बने आरओबी व मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है।
विज्ञापन
विधायक अनिल यादव ने कहा कि 11 साल पहले हरियाणा सरकार ने कोसली कस्बा में बाईपास बनवाने की घोषणा की थी। दो साल से यह मामला सरकार की उच्च स्तरीय खरीद कमेटी के पास भूमि खरीद के लिए विचाराधीन है। बाईपास नहीं बनने के कारण कोसली स्टेशन के समीप आरओबी पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता जा रहा है। महेंद्रगढ़-नारनौल से झज्जर, दिल्ली, बहादुरगढ़ की ओर जाने वाली बजरी, क्रशर की लोडिंग गाड़ियां कोसली आरओबी से गुजरती हैं जिस कारण यहां वाहनों की भीड़ तथा जाम की स्थिति बनी रहती है। विधायक ने कहा कि इस बाईपास का निर्माण शीघ्र करवाया जाए।
लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा के जवाब में विधायक अनिल यादव ने कहा कि हाई लेवल परचेज कमेटी ने यहां जमीन का मुआवजा 60 लाख रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया है। जबकि धनिया गांव में सर्किल रेट 39 लाख 70 हजार प्रति एकड़ तथा सादत नगर में 47 लाख 88 हजार प्रति एकड़ का है। किसानों की मांग है कि ई-भूमि पोर्टल पर जमीन का रेट 60 लाख रुपये प्रति एकड़ से अधिक निर्धारित किया जाए, उसके बाद वे जमीन देने पर सहमत हो सकते हैं। फिलहाल इस परियोजना के लिए 23.9 एकड़ भूमि की आवश्यकता है।
विज्ञापन
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि विधायक अनिल यादव एक बार भूस्वामियों से बात करके इस बारे में विचार-विमर्श करें। मुख्यमंत्री के समक्ष विषय को रखा जाएगा और कोसली बाईपास की योजना को सिरे चढ़ाया जाएगा।