स्मार्टफोन बरामद कर मालिकों को सौंपें
- फोटो : संवाद
हरियाणा के रेवाड़ी में साइबर सेल की टीम ने 90 दिन के अंदर करीब 7 लाख 59 हजार 990 रुपये के 40 स्मार्टफोन बरामद कर उनके असल मालिकों को सौंपे हैं। बरामद ज्यादातर मोबाइल फोन की कीमत बाजार में 14 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक की है।
साइबर सेल के इंचार्ज एएसआई संदीप कुमार ने मोबाइल मालिकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुलाकर उन्हें बरामद किए गए मोबाइल फोन सौंपे गए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में गुम मोबाइल को ढूंढ कर उनके मालिकों को लौटाने के लिए अभियान की शुरुआत की गई थी।
पुलिस की साइबर सेल ने 2022 में करीब 35 लाख 80 हजार 522 रुपये के 216 स्मार्ट मोबाइल फोन को ढूंढकर उनके मालिकों के हवाले किए। वर्ष 2021 में करीब 8 लाख 49 हजार 347 रुपये के 58 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद करके उनके मालिकों के हवाले किए गए।
फोन गुम होने पर करें ये कार्य
एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि घर से बाहर जाते समय मोबाइल फोन को संभाल कर रखें। अगर मोबाइल गुम हो जाता है तो तुरंत मोबाइल फोन की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाकर उसमें मौजूद सिम कार्ड को बंद करवाएं। फिर मोबाइल फोन को ट्रेस करवाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सूचित करें।