शहर के व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी लंबे समय से चल रही मांग शुक्रवार रात पूरी हो गई। देर रात शहर के पांच मुख्य बाजारों के चौक-चौराहे सीसीटीवी कैमरों से लैस हो गए। ऐसे में अब एरिए की निगेहबानी और व्यापारियों की सुरक्षा पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी। नगर परिषद की ओर से सोमवार को रेलवे रोड, गोकल बाजार, पंजाबी मार्केट, झज्जर चौक, मोती चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।
हर चौक से चारों ओर रहेगी नजर
हर चौक-चौराहे पर सीसीटीवी कैमरों का एक सेट लगा है। हर एक सेट में चार-चार सीसीटीवी कैमरे हैं। इन्हें इस तरह लगाया गया है कि चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे की नजर पूरी गली तक जाए। जिससे किसी भी तरह के अपराध होने की स्थिति में आरोपियों पर पूरी नजर रखी जा सके। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम सिटी थाने में बनाया गया है।
सांसद निधि कोष से मार्च में मिले थे 10 लाख
सुरक्षा को लेकर व्यापारियों की ओर से लगातार उठने वाली मांग के मद्देनजर सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने सांसद निधि कोष के 10 लाख रुपये शहर के मुख्य बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए दिये थे। निधि नगर परिषद के खाते में कुछ महीने पहले आई थी। जिसके बाद पहले चरण में छह चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने थे।
कई बार मिल चुकी धमकी, हो चुके हैं हमले
पिछले दो-तीन सालों में शहर के व्यापारियों पर आपराधिक किस्म के लोग रंगदारी के लिए आए दिन दबाव बना रहे थे। इसके लिए कई बार असलहे के बल पर जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी थी। इसके अलावा नवदीप ज्वैलर्स के शोरूम पर पिछले साल और दो महीने पहले अजीज गारमेंट्स पर बदमाशों ने फायरिंग भी की थी। वहीं एक अन्य स्क्रैप व्यापारी की भी महीने भर पहले गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे बाजारों में लगवाने की मांग और तेज हो गई थी।
शहरवासियों की हर जरूरत को पूरा करने के लिए सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह दृढ़ संकल्पित हैं। शहर और व्यापारियों की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें जनता बताए।
-विवेक ढींगड़ा, संयोजक, सांसद निधि कोष
--------
शहर के मुख्य बाजार के व्यापारियों की लंबे समय से मांग थी कि बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। पहले चरण में शहर के छह चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
-मनोज यादव, ईओ, नगर परिषद