धारूहेड़ा। मसानी बैराज और साहबी नदी के पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषित जल के उपचार एवं स्थायी समाधान की मांग को लेकर 3 अगस्त को प्रस्तावित ट्रैक्टर एवं कार यात्रा की तैयारियों को लेकर वीरवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जगदीश खरखड़ा ने की।
बैठक में यात्रा के मार्ग और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जगदीश खरखड़ा ने बताया कि यात्रा तितरपुर से शुरू होकर मसानी, डूंगरवास, निखरी, निगानियावास, रालियावास, पचगांव, जड़थल, आसियाकी पांचौर, संगवाड़ी, भुड़ला माजरा, गुरदास, विजयनगर और पोसवाल चौक होते हुए जिला सचिवालय पहुंचेगी। यहां उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। यात्रा के लिए प्रशासन से अनुमति भी ले ली गई है।
बैठक में गांववार यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने गांवों में की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। सभी ने यात्रा को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां संभाली और रैली के दौरान पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
जगदीश ने कहा कि ट्रैक्टर यात्रा का उद्देश्य सरकार का ध्यान मसानी बैराज और साहबी नदी में प्रदूषित पानी की समस्या की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाएगी। इसके लिए स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी भी तय की गई है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नाम दिए जाने वाले ज्ञापन में मुख्य मांग जड़थल से मसानी तक करीब छह किलोमीटर पाइप लाइन बिछाकर गंदे पानी को रोकना और स्वच्छ पानी छोड़े जाने की व्यवस्था करना रहेगी।
बैठक में सरपंच संजय यादव, पूर्व सरपंच लालाराम, कृष्ण मिस्त्री, मसानी के पूर्व सरपंच नवल सिंह, रामपाल यादव, रविंद्र, निहाल लंबरदार, सरपंच प्रतिनिधि विकास यादव, मास्टर धर्मपाल, मोहर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।