रेवाड़ी। जिले में वीरवार को दिनभर धूप खिली रही जिससे लोगों को हल्की गर्मी का अनुभव हुआ। हालांकि ठंड हवा चलने से लोगों को काफी राहत मिली। अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बूूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शुक्रवार को बूंदाबांदी के आसार हैं। उत्तरी ठंडी हवा का असर जिले के आसपास के इलाकों में दिखाई देगा। इसके चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी और मौसम कुछ समय के लिए सुहाना रहेगा।
उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से इस सप्ताह जिले में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। तेज धूप, हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम किसी भी समय बदल सकता है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अलर्ट रहने और मौसम के अनुसार तैयार रहने की सलाह दी है। लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम में बदलाव को देखते हुए हल्के गर्म कपड़े और बारिश के लिए छाता या रेनकोट तैयार रखें।
इसके अलावा वाहन चालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में सुबह और शाम का समय मौसम के लिहाज से सुखद रहेगा जबकि दोपहर में हल्की गर्मी का अनुभव हो सकता है। ऐसे मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है और अधिक धूप में लंबे समय तक बाहर रहने से बचना चाहिए।