80 के दशक में गुड़गांव से सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी जाने के बाद से सैनिकों की खान रेवाड़ी में सेना भर्ती केंद्र खोलने की मांग उस वक्त पूरी हो गई जब बुधवार को कोसली विधायक बिक्रम सिंह यादव और उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने सेना भर्ती उपकेंद्र का उद्घाटन रिबन काटकर किया।
भाड़ावास चौक स्थित सैनिक परिवार भवन में अस्थायी रूप से खुला उपकेंद्र जिले के युवाओं, पूर्व सैनिकों, युद्ध वीरांगनाओं की समस्याओं का निवारण करने के लिए शुरुआती तौर पर महीने के शुरू के सात दिन यानी 1 से 7 तारीख तक खुलेगा। खुले उपकेंद्र को लेकर पूर्व सैन्य अधिकारियों और सैनिकों का कहना है कि सेना भर्ती उपकेंद्र का पूरा फायदा तभी मिल सकेगा जब निकट भविष्य में यहां से रेवाड़ी के युवाओं को रिक्रूटमेंट मिल सके। ऐसा न होने पर सिर्फ आंसू पोंछने वाली बात ही होगी।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में एआरओ चरखी दादरी कर्नल राजेश शर्मा, मेजर प्रताप सिंह, जसवंत सिंह, भोलाराम, कर्नल विजय सिंह कौशल, रोहित यादव सहित अनेकों गणमान्य लोग उपस्थित थे। हर माह के पहले सप्ताह अर्थात एक से सात तारीख तक इस उपकेंद्र में सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी सैनिक परिवार भवन में बैठकर कार्य करेंगे। उपकेंद्र के खुलने से क्षेत्र के बच्चों को सेना भर्ती से संबंधित सूचना तो आसानी से मिलेगी ही साथ में पूर्व सैनिकों की पेंशन, युद्ध वीरांगनाओं की पेंशन और अन्य तरह की समस्याओं का निदान होगा। उपकेंद्र में फिलहाल महीने की 1 से 7 तारीख तक सिटिंग होगी।
----------
चरखी दादरी से आएंगे अधिकारी, रेवाड़ी को ही लाभ
सेना भर्ती केंद्र खुलने पर जहां अहीरवाल भर के युवाओं को पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को लाभ मिलना था। वहीं उपकेंद्र होने से महज रेवाड़ी क्षेत्र के युवाओं के भर्ती संबंधी क्वेरीज के जवाब मिलेंगे। महीने में शुरू के सात दिनों में बैठने के लिए चरखी दादरी से भी अधिकारी आएंगे। चरखी दादरी सेना भर्ती केंद्र के अधिकारी बताते हैं कि जब उपकेंद्र नहीं खुला था तब भी चरखी दादरी सेना भर्ती केंद्र से रेवाड़ी को पूरा सपोर्ट था और अब भी है। हां अब जिले के पूर्व सैनिकों और महिलाओं को चरखी दादरी तक नहीं आना होगा।
-----------
महीने भर में भर्ती उपकेंद्र खोलने का दिया था आश्वासन
केंद्रीय योजना, शहरी आवास एवं गरीबी उन्मूलन राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के इलाके में सैनिक भर्ती केंद्र या उपकेंद्र खोले जाने की मांग को पूरा करने के लिए कोशिश की थी।16 नवंबर को रेवाड़ी मे आयोजित रैली में राव इंद्रजीत ने भी केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से रेवाड़ी सेना भर्ती कार्यालय खुलने की मांग रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री ने रक्षामंत्री मनोहर पार्रिकर के न पहुंच पाने के चलते उनके बिहाफ पर सेना भर्ती उपकेंद्र एक माह में खोले जाने का आश्वासन दिया था।
------------
रेजांगला शौर्य समिति ने किया स्वागत
रेजांगला शौर्य समिति ने रेवाड़ी में भर्ती दफ्तर के उप केंद्र की स्थापना का स्वागत कर रक्षामंत्री, गृहमंत्री, स्थानीय सांसद एवं केेंद्रीय राज्यमंत्री सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। समिति के संरक्षक कर्नल रणबीर सिंह यादव एवं महासचिव नरेश चौहान एडवोकेट ने एक संयुक्त बयान जारी कर समिति की पिछले तीन दशक से अधिक समय से चली आ रही जायज मांग की आंशिक पूर्ति पर खुशी जताई। वहीं सेना भर्ती के दौरान बिचौलियों के भ्रष्टाचार को जड़मूल से खत्म करने के लिए स्थानीय रेजांगला युद्ध स्मारक, रेजांगला शहीदी पार्क, जिला युद्ध स्मारक, राव तुलाराम पार्क, जिला सैनिक बोर्ड, सैनिक स्कूल तथा तजिला सचिवालय प्रांगण में भर्ती प्रक्रिया के विज्ञापन होर्डिंग अति शीध्र लगवाने का भी अनुरोध किया।
----------
सेना भर्ती उपकेंद्र खुलने से स्थानीय पूर्व सैनिकों और युद्ध वीरांगनाओं को काफी लाभ मिलेगा। खुशी है कि सालों पुरानी मांग का कुछ हिस्सा तो मिला।
-कै. (रिटायर्ड) भोलाराम यादव
---------
सेना भर्ती उपकेंद्र खुलने का पूरा फायदा तभी मिल सकेगा जब रेवाड़ी के युवाओं को सेना में रिक्रूटमेंट का पूरा अवसर मिले। वर्ना आंसू पोंछने वाली बात होगी। - कर्नल (रिटा.) विजय कौशल
----------
सेना भर्ती उपकेंद्र जिले में ही खुलने से फौरी तौर पर पूर्व सैनिकों और युद्ध वीरांगनाओं को लाभ मिलेगा। अब उन्हें चरखी दादरी के चक्कर नहीं लगाने होंगे। -कै. (रिटा.) चंदगीराम यादव
----------
युवाओं को भर्ती के अधिक से अधिक अवसर मिलें तो ही सेना भर्ती उपकेंद्र खुलने का लाभ है। वर्ना कोई खास फायदा नहीं है। - रिटा. हवलदार ओमदत्त
----------
रेवाड़ी में 50 हजार से ज्यादा पूर्व सैनिक हैं। भर्ती उपकेंद्र खुलने से इन सभी और उनके परिवारीजनों को लाभ मिलना तय है। - जसवंत सिंह, डब्लूओ, जिला सैनिक बोर्ड
----------
यह उपकेंद्र बच्चों के लिए बहुत ही सहायक सिद्ध होगा। सेना भर्ती सूचनाओं के साथ भूतपूर्व सैनिकों के पेंशन व अन्य मामले यहीं निपटा दिये जाएंगे और लोगों को चरखी दादरी जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। - कर्नल राजेश शर्मा, निदेशक, एआरओ चरखी दादरी
--------
इस क्षेत्र के युवाओं की सुविधा के लिए यह उपकेंद्र बह्त ही सहायक सिद्ध होगा। इस उपकेंद्र के लिए स्थायी जगह का चयन किया जा रहा है और उचित स्थान मिलने पर वहां स्थायी निर्माण कर उप केन्द्र बनाया जाएगा। - डॉ. यश गर्ग, उपायुक्त, जिला रेवाड़ी