रेवाड़ी। श्री राजपूत महासभा की ओर से महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के तहत रविवार को शोभायात्रा निकाली गई।
मुख्य अतिथि महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को महाराणा प्रताप के संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए। अपने हक, अधिकार और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए हमें संगठित होकर संघर्ष करना होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा कानून न बनाए जिससे समाज में जाति, धर्म या वर्ग के आधार पर वैमनस्य फैले और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक समरसता और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य पर गंभीर चिंतन की जरूरत पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ठाकुर गोपाल सिंह नरूका ने की। इस अवसर पर विजेंद्र सिंह चौहानपुर, महिपाल सिंह चौहान, महेंद्र सिंह चौहान, कैप्टन चरण सिंह, कुलदीप सिंह चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह में समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संगठन विस्तार के तहत शम्मी चौहान को राजपूत यूथ ब्रिगेड का अध्यक्ष और डॉ. उपेंद्र सिंह को महामंत्री नियुक्त किया गया।
महिला मंडल में स्वाति नरूका, अंजू सिकरवार एवं शीला चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई। आगामी सत्र 2027-29 के लिए सुमेर सिंह चौहान को श्री राजपूत महासभा भिवाड़ी का नया अध्यक्ष बनाया गया।