राजेश पायलट की जयंती मनाते समाज के लोग। स्रोत : समाज
रेवाड़ी। गुर्जर समाज की ओर से किसान नेता एवं पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री राजेश पायलट की 81वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर राजेश पायलट चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर समाज के लोगों ने पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का आयोजन राजेश पायलट स्मृति संस्थान के उपाध्यक्ष एवं पूर्व डिप्टी कलेक्टर कैलाश चन्द्र सिराधना तथा गुर्जर समाज के प्रधान चरण सिंह खटाना की अध्यक्षता में किया गया।
कैलाश चंद्र ने कहा कि राजेश पायलट एक जुझारू, कर्मठ और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा किसानों, मजदूरों, गरीबों और वंचित वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीण विकास, किसानों की बेहतरी और सामाजिक न्याय के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है।
चरण सिंह ने कहा कि राजेश पायलट ने समाज में भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत किया। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए उनका समर्पण ही कारण है कि वे आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राजेश सरपंच, राजपाल सरपंच, धर्मबीर सरपंच, धरम सिंह सरपंच, कृष्ण, शिशराम सरपंच, सुंदर सूबेदार, लक्खी सरपंच सहित अनेक व्यक्ति मौजूद रहे।