भिवाड़ी में ईएसआईसी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर बैठक करते बीएमए। स्रोत : एसोसि
भिवाड़ी। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में सुधार लाने के उद्देश्य से मंगलवार शाम को एक बैठक का आयोजन किया गया। भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (बीएमए) के अध्यक्ष चौ. जसबीर सिंह राणा के नेतृत्व में हुई इस बैठक में ईएसआईसी की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुनित पी पस्थित रहीं।
बीएमए सचिव योगेश जैन ने बताया कि अस्पताल में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की तत्काल आवश्यकता है। एसोसिएशन ने अस्पताल प्रशासन से कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर त्वरित ध्यान देने की मांग की
इसमें एक्स-रे सुविधा की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार, यूएसजी (अल्ट्रासाउंड) टेस्ट की नियमित व्यवस्था, टीबी रोगियों के लिए बेहतर सहायता एवं उपचार की व्यवस्था, ओपीडी सेवाओं में वृद्धि और गुणवत्ता में सुधार, अन्य चिकित्सा सेवाओं के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, सर्जन की नियमित उपलब्धता और दवाओं की कमी को दूर करना शामिल है।
बीएमए अध्यक्ष चौ. जसबीर सिंह राणा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत सभी कर्मचारियों को उचित अस्पताल सेवाएं उपलब्ध होनी चाहिए ताकि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा की पूरी गारंटी हो सके। ईएसआईसी अस्पताल को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।
बैठक में बीएमए के कोषाध्यक्ष नरेश कुमार गोयल, उप-कोषाध्यक्ष गोविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष अनुपम शुक्ला, अरुण त्यागी, राजीव रंजन और संयुक्त मानद सचिव पीसी राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उठाए गए मुद्दों पर अस्पताल प्रशासन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और शीघ्र सुधार के लिए आश्वासन दिया।