रेवाड़ी। सुबह से लेकर दोपहर तक अच्छी धूप निकलने के बाद शाम को मौसम ने करवट ले लिया। शाम 6 बजे के बाद शुरू हुई तेज बारिश देर रात तक होती रही। बारिश होने की वजह से सड़कों पर भारी जलभराव हो गया। इस दौरान लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते जलभराव से शहर की सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। बारिश से शहर के गुलाबी बाग, रेलवे अंडरपास, सर्कुलर रोड, नाई वाली चौक, पुराना कोर्ट रोड, सेक्टर्स, सब्जी मंडी, नई अनाज मंडी, कुतुबपुर, भाड़ावास मार्ग, भाड़ावास गेट, बाजार, बस अड्डा, पुराना हाउसिंग बोर्ड, ब्रास मार्केट, माॅडल टाउन, रेलवे अंडरपास में घुटने तक पानी भर गया।
प्रशासन की ओर से जल निकासी के लिए 100 पंप सेट की व्यवस्था करने का दावा किया गया था लेकिन यह दावा हवाहवाई साबित हुआ। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे गर्मी का एहसास अब नहीं हो रहा है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में पिछले चार दिनों से लगातार हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर कभी पश्चिमी कभी उत्तरी तो कभी दक्षिणी और मध्यवर्ती जिलों पर मानसून बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है। 9-11 जुलाई और उसके बाद भी एक सप्ताह तक लगातार हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर मानसून मेहरबान रहेगा क्योंकि बंगाल की खाड़ी पर 12 जुलाई को एक नया कम दबाव का क्षेत्र और साथ ही साथ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अधिकतर स्थानों पर मानसून की गतिविधियां जारी रहेगी।
भाड़ावास गेट मार्ग पर हुआ जलभराव। संवाद