रेवाड़ी। ठंड बढ़ने के साथ ही रजाई-गद्दे के कारोबार में तेजी आ गई है। रजाई गद्दे की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है।ऊनी और कॉटन रजाइयों के साथ मोटे गद्दे की सबसे अधिक मांग है।
मौसम जबतक सामान्य था, तबतक रजाई गद्दे की बिक्री सुस्त थी लेकिन तापमान गिरते और ठंड के बढ़ते ही कारोबार में अचानक उछाल देखने को मिला है। शनिवार को सबसे कम 3.5 डिग्री और रविवार को 4.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। दुकानदारों का कहना है कि जैसे ही ठंड ने जोर पकड़ा, वैसे ही रजाइयों और गद्दों की मांग तेजी से बढ़ गई।
ग्राहकों की संभावित मांग को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही पर्याप्त स्टॉक तैयार कर रखा था, जिससे उन्हें अब किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। बाजार में रजाइयों के दाम वजन के अनुसार तय किए गए हैं।
दो किलो की रजाई 750 से 800 रुपये, साढ़े तीन किलो की रजाई 900 से 950 रुपये, चार किलो की रजाई 1300 से साढ़े 1450 रुपये और पांच किलो की रजाई करीब 1700 रुपये में उपलब्ध है।
इस समय ऊनी और कॉटन रजाइयों की सबसे अधिक मांग है। इसके अलावा मोटे गद्दे और गर्म कंबल भी खूब बिक रहे हैं। कारीगरों का कहना है कि मौसम को देखते हुए उन्होंने पहले ही मोटे गद्दे, ऊनी रजाइयां और कंबल तैयार कर लिए थे, ताकि अचानक बढ़ी मांग को आसानी से पूरा किया जा सके।
फिलहाल बाजारों में रौनक लौट आई है और कारीगरों व दुकानदारों को इस सर्दी के सीजन से अच्छी कमाई की उम्मीद है।
-
ऑर्डर में लगातार बढ़ोतरी
रूई कारोबारी संतोष ने बताया कि ऑर्डर अचानक बढ़ गए हैं। आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की आशंका है, ऐसे में कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दामों में कोई खास बढ़ोतरी नहीं की गई है, इसके बावजूद मांग में इजाफा हुआ है। पिछले कुछ दिनों में बिक्री में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ग्राहक बड़ी संख्या में रजाई, गद्दे और ऊनी बिस्तर की खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारी अखिल ने बताया कि सर्दी का मौसम उनके लिए खुशियों का मौसम होता है, क्योंकि इस दौरान ऑर्डरों की संख्या लगातार बढ़ती रहती है। वर्तमान में उनके पास 50 से अधिक ऑर्डर पेंडिंग हैं। यदि ठंड का प्रकोप इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में बाजार और ज्यादा गुलजार नजर आएगा।
वजन के हिसाब से रजाइयों के दाम
वजन - -कीमत
2 किलो -750 से 800 रुपये
3.5 किलो900 से 950 रुपये
4 किलो 1300 से 1450 रुपये
5 किलो1600 से 1700 रुपये