बावल। गांव बोलनी के मेन बाजार में अतिक्रमण और वाहनों की अधिकता से जाम की स्थिति बनी रहती है। आए दिन लोग जाम में फंसकर परेशान होते हैं। आसपास के गांवों से खरीदारी करने आए लोग अपनी कार, मोटरसाइकिल, पिकअप, ट्रैक्टर ट्रॉली, साइकिल और टेंपो दुकान के सामने खड़ी कर सामान लेने अंदर चले जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार हॉर्न बजाने के बावजूद वाहन चालक बाहर नहीं निकलते और अक्सर आपस में तनातनी हो जाती है। कई बार गाड़ियों पर स्क्रेच लगने के कारण झगड़े भी हो चुके हैं। दुकानदार मूकदर्शक बने रहते हैं और खरीदारों को मार्ग में वाहन न खड़ा करने के लिए कोई चेतावनी नहीं देते।
ग्रामीण बताते हैं कि अतिक्रमण हटाने की आवाज उठाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। आपातकालीन स्थिति में भी बाजार से वाहन निकालना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण और दुकानदारों के बीच इस समस्या को लेकर कई बार विवाद हो चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। लोग दुकानदारों से बार-बार अपील कर चुके हैं कि वाहन बीच रास्ते पर न खड़ा किया जाए, लेकिन इसे नजरअंदाज किया जाता है।