संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला मुख्यालय स्थित किशनलाल पब्लिक कॉलेज में इंटरनल कंप्लेंट कमेटी के तत्वावधान में लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम के लिए सेमिनार आयोजित की गई। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजाम और हेल्पलाइन नंबर के बारे में बताया गया।
आईसीसी की कन्वीनर डॉ. अनुराधा दीपक ने बताया कि सेमिनार में सखी केंद्र की अधिकारी ललिता कालड़ा, डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर दीपिका यादव, पॉक्सो अधिकारी नीतू सैनी, विजयलक्ष्मी और प्रियंका ने बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर, चक्षु-एप, शी-बॉक्स, वन स्टॉप सेंटर और डालसा की जानकारी दी। साथ ही अपने बच्चों को नैतिक शिक्षा देने पर जोर दिया।
शक्ति वाहिनी संस्था की ओर से विजय-लक्ष्मी ने बाल-विवाह पर अंकुश लगाने और इसके लिए लोगों को जागरूक करने की शपथ विद्यार्थियों को दिलवाई। पब्लिक एजुकेशन बोर्ड के अध्यक्ष अशोक सोमाणी, महासचिव कपिल कुमार गोयल और कोषाध्यक्ष अजय गुप्ता ने इंटरनल कंप्लेंट समिति के सभी सदस्यों को इस समारोह के लिए बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. अलका शर्मा, शिक्षा, डॉ. किरण बाला, डॉ. रेखा शर्मा, प्रियंका यादव आदि इंटरनल कंप्लेंट कमेटी के सदस्यों सहित महाविद्यालय के शैक्षणिक तथा गैर-शैक्षणिक स्टाफ के सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।