रामगढ़ भगवानपुर में धरने पर बैठे लोग। स्रोत : समिति
रेवाड़ी। रामगढ़ भगवानपुर में 200 बेड के नागरिक अस्पताल के निर्माण को लेकर ग्रामीणों का धरना जारी है। रामगढ़ भगवानपुर के अलावा आसपास के गांवों के ग्रामीण भी धरने में शामिल हुए।
रामगढ़ भगवानपुर अस्पताल बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक अनिल कुमार ने कहा कि सरकार ने रेवाड़ी शहर में पीने के पानी की व्यवस्था के लिए गांव की 10 एकड़ जमीन ले ली लेकिन इसके बदले 200 बेड के नागरिक अस्पताल का निर्माण करने का वादा अभी तक पूरा नहीं किया। इसी कारण ग्रामीणों में आक्रोश है और 17 जून से लोग धरने पर बैठे हैं।
अनिल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री को 11 नवंबर को दिए गए आश्वासन की प्रगति रिपोर्ट पर पत्र लिख दिया गया है और अब उसका जवाब मिलने का इंतजार किया जा रहा है। संघर्ष समिति विचार-विमर्श के बाद दिसंबर के अंत तक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी। इस मौके पर प्राणपुरा के मूलचंद आर्य, राहुल, मौहर सिंह, रामचंद्र, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।