रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने अभिभावकों से बच्चों को फर्जी गेमिंग ऐप और ऑनलाइन टूर्नामेंट के जरिए होने वाली साइबर ठगी से बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ठग पुरस्कार, प्रतियोगिता में प्रवेश और गेम में खरीदारी के नाम पर बच्चों को निशाना बना रहे हैं।
एसपी ने बताया कि फर्जी गेमिंग ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल की निजी जानकारी हासिल की जा सकती है। ठग पुरस्कार के नाम पर प्रवेश शुल्क, कर, प्रसंस्करण शुल्क या सुरक्षा राशि मांगते हैं। मुफ्त सिक्के, डायमंड और अन्य पुरस्कार का लालच देकर संदिग्ध लिंक भी खुलवाए जाते हैं।
उन्होंने अभिभावकों से गेमिंग ऐप डाउनलोड करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और समीक्षा जांचने की सलाह दी। बच्चों को बैंक जानकारी, कार्ड नंबर, यूपीआई पिन और ओटीपी साझा न करने तथा अनजान लिंक, क्यूआर कोड और संदिग्ध फाइल से बचने के लिए समझाएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।