कोसली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाहड़ में शनिवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 57 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। गर्भस्थ शिशु के स्वस्थ रहने के उपाय बताए गए।
सीएचसी प्रभारी डॉ. मनीष कुमार के नेतृत्व में सीएचओ डॉ. नीशू की टीम ने विभिन्न गांवों से आई 57 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की। डॉ. नीशू ने बताया कि बदलते मौसम में गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। महिलाएं लापरवाही बिल्कुल नहीं बरतें। उन्होंने बताया कि सुबह शाम ठंड शुरू हो गई है, मोटे कपड़े पहनें। इसी तरह बदलते मौसम में संक्रमण वायरल इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए वे साफ सफाई तथा खानपान का विशेष ध्यान रखें। टीम ने गर्भवती महिलाओं की बीपी, एचबी, सीबीसी व शुगर की जांच कर विटामिन आदि की दवाइयां वितरित कीं।