फोटो : 35दिल्ली-जयपुर हाईवे पर टक्कर होने की वजह से बहस करते लोग। संवाद
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बावल के समीप हल्की बारिश ने बड़े जाम का रूप ले लिया। सोमवार सुबह करीब चार बजे से 9 बजे तक साबन चौक से लेकर आसलवास चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते सड़कों पर बने गड्ढे में जलभराव की स्थिति बनी रही जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
औद्योगिक क्षेत्र से गुजरने वाले भारी वाहनों ने हाईवे की हालत और खराब कर दी जिससे सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। हाल ही में ट्रैफिक पुलिस द्वारा कुछ गड्ढों को भरवाकर व्यवस्था सुधारने की कोशिश की गई थी लेकिन बीते 24 घंटों की बारिश ने सभी इंतजामों की पोल खोल दी।
जाम के दौरान खाटूश्याम जी के दर्शन करके लौट रही महिलाओं की गाड़ी को एक कैंटर ने टक्कर मार दी जिससे गाड़ी चालक और कैंटर ड्राइवर के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया।
बनीपुर चौक और असाही पुल के पास अधूरा निर्माण कार्य और जर्जर सड़कें जाम की बड़ी वजह बन रही हैं। भारी वाहनों के यूनिवर्सिटी मार्ग की ओर डायवर्ट होने से वहां की सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। गड्ढों में भरे पानी के कारण कई बाइक सवार गिरकर घायल भी हुए।
स्थानीय लोगों ने हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क सुधारने और अधूरे पुल निर्माण को पूरा कराने की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके।