खरखड़ा की मुख्य सड़क पर बना गड्ढा। संवाद
धारूहेड़ा। गांव खरखड़ा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बना छोटा सा गड्ढा वाहन चालकों, ग्रामीणों और कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क पर बने इस गड्ढे से गुजरते समय वाहनों को अपनी रफ्तार कम करनी पड़ती है। बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भर जाने से यह दिखाई भी नहीं देता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के गिरकर घायल होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणो संदीप, राजेश, अशोक आदि ने बताया कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन आती है। जलापूर्ति एवं गैस आपूर्ति के लिए पाइपलाइन डालने के दौरान सड़क की खुदाई की गई थी, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पहले की स्थिति में पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया गया। इसके चलते खुदाई वाले स्थान पर गड्ढा बन गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि खरखड़ा कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी प्रतिदिन इस समस्या का सामना करना पड़ता है। बारिश के समय पानी भरने से गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दोपहिया वाहन से आने वाले विद्यार्थियों के लिए हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
लोक निर्माण विभाग से गड्ढे की जल्द मरम्मत करवाने और सड़क को समतल कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढा भले ही छोटा है, लेकिन मुख्य सड़क पर होने के कारण यह किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसलिए संबंधित विभाग को किसी हादसे का इंतजार किए बिना इसका समाधान करना चाहिए।