रेवाड़ी। पुलिस लाइन में होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इस दौरान होली गीतों पर पुलिसकर्मी और अधिकारी थिरक उठे। एसपी ने पुलिसकर्मियों को रंग लगाकर और मिठाई खिलाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में आईजीपी साउथ रेंज रेवाड़ी अशोक कुमार, एसपी रेवाड़ी डॉ. मयंक गुप्ता के साथ-साथ आईपीएस अधिकारी मेधा भूषण सहित डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविन्द्र सिंह, डीएसपी सिटी रेवाड़ी जोगेंद्र शर्मा, डीएसपी ट्रैफिक विनोद शंकर, डीएसपी कोसली विद्यानंद, विभिन्न थानों, पुलिस कार्यालय व पुलिस लाइन से आए अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली।
होली मिलन समारोह में सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने ढोल नगाड़े और होली गानों पर जमकर डांस करते हुए होली मिलन समारोह का भरपूर आनंद लिया। होली पर्व पर रेवाड़ी पुलिस कप्तान डॉ. मयंक गुप्ता ने शुक्रवार को ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को घर की कमी नहीं खलने दी। होली मिलन समारोह से पहले वह खुद ड्यूटी कर पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचे। उन्हें गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही मिठाई खिलाकर उनका मुंह भी मीठा किया। होली पर्व के दिन कप्तान को खुद अपने बीच पाकर पुलिसकर्मी गदगद नजर आए।