धारूहेड़ा। गांव महेश्वरी स्थित फर्नीचर शोरूम में फायरिंग कर व्यवसायी से करीब ढाई लाख रुपये और सोने की चेन, अंगूठियां लूटने के पांच आरोपियों को सेक्टर छह पुलिस ने अदालत से रिमांड पर लिया है।
रिमांड पर लिए गए आरोपी उत्तर प्रदेश के जिला हाथरस के गांव गाल मंजोला निवासी देवेंद्र उर्फ टीनू, जिला छिबरा मऊ के गांव भादुपुर निवासी शिवम, पलवल की फौजी कालोनी निवासी भगवान सिंह उर्फ भीमा व कृष्ण कुमार और दिल्ली की बुद्ध विहार कालोनी निवासी विनय प्रताप राणा है। पांचों आरोपी वर्तमान में तिहाड़ जेल में बंद थे और स्थानीय पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।
पुलिस ने बताया कि भिवाड़ी की कृष सोसायटी निवासी मुकेश अग्रवाल ने गांव महेश्वरी में फर्नीचर का शोरूम किया हुआ है। 11 नंवबर की रात को करीब साढ़े नौ बजे मोटरसाइकिल पर आए तीन बदमाशों ने मुकेश अग्रवाल से ढ़ाई लाख रुपये, सोने की एक चेन व तीन अंगूठियां लूट ली थी। बदमाशों ने मुकेश अग्रवाल व उनके दो कर्मचारियों के सिर में पिस्तौल की बट मार घायल कर दिया था और तीन राउंड फायर भी किए थे। सेक्टर-छह थाना पुलिस ने लूट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान पता लगा कि लूटपाट की वारदात करने वाले बदमाश वर्तमान में किसी अन्य मामले में तिहाड़ जेल में बंद है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।