रेवाड़ी। हरिद्वार, नीलकंठ सहित अन्य धार्मिक स्थलों से कांवड़ लेकर लौटने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्थान सहित अन्य राज्यों के हजारों कांवड़ श्रद्धालु रेवाड़ी से होकर गुजरेंगे। इसे देखते हुए प्रमुख मार्गों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग के साथ डायल-112 की आपातकालीन वाहन टीमें, राइडर, गश्ती दल और पैदल गश्त दल चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल, क्रेन और एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस को यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने सेवा शिविर लगाने वाली सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील की है। शिविर सड़क से कम से कम 100 फुट दूर लगाने और वाहनों की पार्किंग भी सड़क से दूर रखने को कहा गया है।
श्रद्धालुओं से सुरक्षित किनारे से यात्रा करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा डीजे व तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई है।