संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रेवाड़ी स्थित एचएसवीपी जिम खाना क्लब में किया जाएगा। इस वर्चुअल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव होंगे।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इको-फ्रेंडली जागरूकता रैली का भी आयोजन किया जाएगा। यह रैली रेजांगला पार्क से शुरू होकर एचएसवीपी जिम खाना क्लब पर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी। रैली में इलेक्ट्रिक वाहनों और ई-रिक्शा का उपयोग कर हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी राहुल मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के साथ-साथ विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे।
रेवाड़ी में आयोजित लाइव कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली और जिला परिषद अध्यक्ष मनोज यादव उपस्थित रहेंगे।