संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने वीरवार को बावल थाने का दौरा किया। थाना क्षेत्र में आने वाले गांवों के प्रतिष्ठित लोगों, सरपंचों और पेट्रोलपंप संचालकों से बात की। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरे, सायरन और अग्निशमन यंत्र लगवाने की अपील की।
एसपी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनका समय पर समाधान करने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। एसपी ने भट्टा मालिकों की समस्याएं सुनीं।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने थाना क्षेत्रों के अंतर्गत सभी पेट्रोल पंप संचालकों और ईंट भट्ठा मालिकों के साथ बैठक की। इसका उद्देश्य पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था। ईंट भट्ठा मालिकों से कहा कि कोई बांग्लादेशी रह रहा हो तो उसकी सूचना पुलिस को दें।
बैठक में एसपी ने पेट्रोल पंप मालिकों को सीसीटीवी कैमरे, सायरन, और अग्निशमन यंत्र स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर चोरी और डकैती की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया।
एसपी ने कहा कि पुलिस भले और शरीफ लोगों के साथ है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।इस अवसर पर डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण, बावल थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार भी मौजूद रहे।