पीतल के बर्तनों की नगरी की नई पहचान अब अपराध की नगरी होती जा रही है। अवैध हथियारों की आपूर्ति के अलावा फायरिंग और लूट की वारदातों से लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ समय से रेवाड़ी में बड़े स्तर अवैध हथियारों की आपूर्ति भी हो रही है। कुछ मामलों में बदमाशों की तलाश जारी है तो कुछ में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने जनवरी से अब तक तकरीबन 62 अवैध हथियार बरामद किए हैं। इसमें 128 कारतूस बरामद मिले हैं। खास बात यह है कि आर्म्स एक्ट से जुड़े इन मामलों में नौसिखियों की तादाद ज्यादा है। एसपी का भी मानना है कि जिले में हथियार पहुंच रहे हैं।
------------
- दो माह में डेढ़ दर्जन से ज्यादा असलहे लगे हाथ
खास बात यह है कि दो महीनों में अवैध असलहे और कारतूसों की बरामदगी सबसे ज्यादा हुई है। इस दौरान करीब डेढ़ दर्जन से भी ज्यादा हथियार और 50 से ज्यादा कारतूस बरामद हुए हैं। साथ ही पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को भी गिरफ्तार किया है। अवैध हथियार कहां से आए उस सवाल पर पुलिस की जांच महज जांच तक ही सीमित है ।
-----------
- रात में सुरक्षित नहीं हमारी सिटी
अहीरवाल का लंदन और पीतल नगरी के नाम से मशहूर रेवाड़ी कुछ दिनों से क्राइम सिटी के नाम से मशहूर हो गया है। खासकर रात में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कुछ महीनों में अपराध इतना बढ़ गया है की लोग रात के वक्त बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं। शहर के अंदर सेक्टर एरिया, नेहरू पार्क के पास एरिया, नाईवाली चौक से बावल चौक के बीच का एरिया ज्यादा संदिग्ध है। हाईवे पर भी लगातार वारदातें हो रही हैं।
असलहे हासिल करना मामूली बात
असलहों के बल पर वारदातों को अंजाम देने वाले नौसिखिये भी आसानी से अवैध हथियार हासिल कर रहे हैं। हालिया वारदातों जैसे व्यापारी की गोली मारकर हत्या और बावल मे पिस्टल प्वाइंट पर लूट के मामले में बदमाशों का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। उनको भी आसानी से अवैध हथियार मिल गए। ऐसे में इसे कहीं न कहीं पुलिस के खुफिया तंत्र और अन्य सिस्टम की कमजोरी ही मानी जा रही है। रिटायर्ड पुलिसकर्मियों की मानें तो अगर हिस्ट्री शीटर्स के पास से असलहे बरामद हो रहे हों तो यह उतना सीरियस नहीं है। अगर नौसिखियों से हथियार मिल रहे हैं तो यह चिंता का विषय है।
----------
पिछले कुछ दिनों मे हुई बड़ी आपराधिक वारदातें.....
- 9 जून को मलाहेड़ा मे शराब ठेके के सेल्समैन को लूटकर बदमाशों ने गोली मारी।
-1 जुलाई को गांव असदपुर मे शराब ठेके के सेल्समैन को गोली मारी।
-23 जुलाई को गैंगवार मे बीएमजी मॉल के सामने युवक को गोली मारी।
-10 अगस्त को गारमेंट्स शॉप के सेल्समैन को मारी गोली ।
-29 अगस्त को कुख्यात बदमाशों ने दो अलग अलग स्थानों व्यापारियों से मांगी रंगदारी।
-21 अगस्त को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़।
-26 अगस्त को हाइवे पर ट्रक चालक को लूट के इरादे से मारी गोली ।
-30 अगस्त को शिव नगर मे ठेकेदार की गोली मारकर हत्या ।
-30 अगस्त को ही सुभाष बस्ती मे दुकानदार को मारी गोली ।
-11 सितंबर को केबल बाजार में पांच लाख लूट कर व्यापारी की गोली मारकर हत्या
-22 सितंबर को बावल मे हथियार दिखा 27 लाख की लूट ।
------------
दस हजार से लेकर पचास हजार रुपये तक में अवैध असलहे जिले में आने की बात पूछताछ में सामने आई है। हथियारों के बड़े गिरोह तक अभी इसलिए नहीं पहुंच सके हैं क्योंकि जो बदमाश हथियार लाए हैं वह अलग-अलग जगह और एक-दो की मात्रा में हैं। प्रयास जारी हैं। - संगीता कालिया, एसपी, जिला रेवाड़ी