रेवाड़ी। गोक्रांति मिशन की ओर से रविवार को कराई गई वॉलीबाल प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में पथरेड़ी की टीम विजेता रही, जबकि भालोट की टीम उप विजेता रही। प्रतियोगिता का शुभारंभ कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने किया। उधर गांव धामलावास और रोहतक की टीमें तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं। मुकाबले में 34 टीमें शामिल हुईं, जिनमें सेक्टर 4 सुनील, बुडाना, टींट, कान्हावास माजरा, लाधुवास, मैलावास, बिछाला, दिल्ली, गोकलगढ़, बीकानेर और जाट सराय आदि की टीमें शामिल रहीं।
विधायक यादव ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के सबसे अच्छा माध्यम हैं। इनसे आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है। उन्होंने इस मौके पर खिलाड़ी अंकित पथरेड़ी तथा जीता भालोट की खेल भावना की सराहना की। वरिष्ठ खिलाड़ी मैनपाल कान्हावास माजरा ने कहा कि यह खेल आयोजन सफल रहा है। आयोजकों ने इस मौके पर सभी विजेता टीमों को सम्मानित किया। गौ क्रांति मिशन संगठन ने इस मौके पर सभी खिलाड़ियों एवं युवाओं को गोवंश को बचाने की शपथ दिलाते हुए संस्थापक प्रदीप डागर ने कहा कि वे गोमाता को बचाने में अपना हरसंभव सहयोग देंगे। उन्होंने खेल कमेटी ने सभी टीमों का आभार जताया। इस मौके पर डा. सुरेंद्र यादव, वेद प्रकाश थानेदार, युद्धवीर, देवेंद्र यादव, रामनिवास बेनीवाल, दयाराम आर्य, नितिन यादव और दिनेश आर्य ने सभी टीमों एवं खिलाड़ियों को गोमाता का स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।