रेवाड़ी। रेवाड़ी से अलवर चलने वाली इंटरसिटी के समय में बदलाव होने के कारण दैनिक यात्रियों को शाम के समय परेशानी उठानी पड़ रही है। अलवर से हजारों यात्री प्रतिदिन औद्योगिक क्षेत्र में नौकरी करने के लिए आते हैं, लेकिन शाम के समय उनको घर जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
शाम को 5 बजकर 47 मिनट के बाद केवल लगभग साढ़े पांच घंटे बाद रात 11 बजकर 18 मिनट पर अगली ट्रेन जाती है। ट्रेन के अभाव में यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। रेवाड़ी से अलवर की ओर 30 पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है। जिनमें सिर्फ 3 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। 11 एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रतिदिन व 19 ही साप्ताहिक ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिसमें एक्सप्रेस व सुपर फास्ट ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा कोरोना काल से पहले संचालित होने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव को लेकर काफी समय तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ता है। बावल औद्योगिक क्षेत्र होने की वजह से अलवर से रेवाड़ी दैनिक यात्री नौकरी करने के लिए आते हैं। शाम के लगभग साढ़े सात बजे इंटरसिटी ट्रेन का संचालन होता था। रेवाड़ी से अलवर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी सुविधाजनक होती थी, लेकिन कोरोना महामारी के बाद इस ट्रेन का संचालन दोपहर को एक बजकर 40 मिनट पर हो रहा है। जिससे यात्रियों को अपने बस या निजी वाहन में सफर करना पड़ रहा हैं।
यात्रियों की परेशानी, उन्हीं की जुबानी
मैं दैनिक यात्री हूं। रेवाड़ी नौकरी के चलते हर रोज अलवर से रेवाड़ी आता हूं। कोरोना काल से पहले शाम को साढ़े सात बजे के आसपास इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन होता था, जो कि दैनिक यात्रियों के लिए सुविधाजनक थी, मगर अब उसका समय दोपहर को कर दिया गया है। शाम को 5.47 के बाद सिर्फ रात को 11.18 बजे ही एक्सप्रेस ट्रेन है। इसके चलते बाकी दैनिक यात्रियों को भी परेशानी हो रही है।
- राकेश, यात्री
मेरा रेवाड़ी में किताबों का काम है। इसके चलते मैं रोज अलवर से रेवाड़ी आता हूं। जब से ट्रेन के समय में बदलाव हुआ है परेशानी बढ़ गई है। पैसेंजर ट्रेनों में एक्सप्रेस ट्रेनों का किराया लिया जा रहा है। जो कि यात्रियों के लिए नुकसानदायक है। कोरोना काल से पहले पैसेंजर ट्रेनों का किराया 25 रुपये हुआ करता था, मगर अब 45 रुपये लिया जा रहा है। इसके अलावा बस का किराया 90 रुपये है।
- राजकुमार, यात्री
एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकट की सुविधा सिर्फ आनलाइन बुकिंग के तहत ही है। रेवाड़ी से अलवर की ओर सिर्फ 3 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन हो रहा है और उसमें भी एक्सप्रेस के बराबर किराया लिया जा रहा है। रेलवे की ओर से यात्रियों की यहीं मांग है कि शाम को साढ़े पांच घंटे के अंतर में कोई न कोई ट्रेन का संचालन किया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों की समस्या का समाधान हो सके।
- सतेंद्र, यात्री
मेरी रेवाड़ी में दुकान है। ट्रेन के समय को लेकर यात्रियों को परेशानी हो रही है। इसके चलते लोगों ने या तो बस से सफर करना शुरू करना दिया है या तो निजी वाहनों में लोग सफर करने लगे हैं। कोरोना काल से पहले शाम को पैसेंजर ट्रेन के बाद इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन हुआ करता था जो कि अब दोपहर को संचालित हो रही है। शाम की पैसेंजर ट्रेन के बाद रात को 11.18 बजे एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन हो रहा है। इनके बीच में कोई ट्रेनों का संचालन नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है।
- गिर्राज प्रसाद, यात्री
वर्जन
अलवर जाने के लिए शाम को 5 बजे के बाद एक पैसेंजर ट्रेन संचालित हो रही है। इसके बाद रात को अलवर के लिए ट्रेन संचालित हो रही है। कोरोना काल से पहले इंटरसिंटी एक्सप्रेस चलती थी, मगर उसका समय भी दोपहर में कर दिया गया है। ट्रेनों के समय के बदलाव को लेकर अभी कोई सूचना नहीं आई है। सूचना मिलते ही यात्रियों को सूचित कर दिया जाएगा।
- दीपक कुमार, डीवाई, एसएस कामर्शियल, रेलवे