संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में ऊर्जा दक्षता और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के उद्देस्य से ऊर्जा मंत्रालय की ओर से स्कूल स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विद्यालय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 20 नवंबर को राज्यस्तर पर आयोजित ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) की तरफ से आयोजित यह प्रतियोगिता राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा अवसर लेकर आएगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में ऊर्जा बचाने की आदत विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ऊर्जा बचाओ, पृथ्वी बचाओ और बी स्टार बनो, बीईई स्टार उपकरणों का प्रयोग करो रखी गई है। इन विषयों के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया जाएगा कि ऊर्जा की बचत सीधे पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी है। आधुनिक युग में ऊर्जा की खपत को नियंत्रित करना भविष्य की पीढ़ियों के लिए अनिवार्य है।
प्रतियोगिता दो समूहों में विभाजित की गई है। ग्रुप-ए में कक्षा 5वीं, 6वीं और 7वीं के छात्र शामिल होंगे। ग्रुप-बी में कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं के छात्र भाग लेंगे। विद्यालय स्तर पर दो घंटे की प्रतियोगिता होगी। प्रत्येक स्कूल को दोनों समूहों से सर्वश्रेष्ठ दो-दो पेंटिंग्स का चयन कर 25 अक्तूबर तक बीबीएमबी के नोडल अधिकारी को भेजनी होंगी।
विद्यालय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 20 नवंबर को राज्य स्तर पर आयोजित ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राज्य स्तर पर चुने गए विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जो कि 11 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता के विजेताओं को 14 दिसंबर को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। खास बात यह है कि प्रतियोगिता पूरी तरह से ऑन-द-स्पॉट होगी और प्रतिभागियों को निर्धारित समय यानी दो घंटे के भीतर अपनी पेंटिंग पूरी करनी होगी। इसके लिए विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का पूरा उपयोग करना होगा।
-
पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता होंगे पुरस्कृत
राज्यस्तर पर प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार, तृतीय पुरस्कार 20 हजार और 10 सांत्वना पुरस्कार जिनमें प्रत्येक को 7,500 व प्रत्येक समूह की 50 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग्स विजेताओं को मोमेंटो, प्रमाणपत्र और 2 हजार नकद राशि दी जाएगी। बच्चों और उनके अभिभावकों के आने-जाने का किराया सरकार वहन करेगी। राज्य स्तर से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे 11 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसमें प्रथम पुरस्कार 1 लाख द्वितीय पुरस्कार 50 हजार तृतीय पुरस्कार 30 हजार रुपये और अन्य आकर्षक पुरस्कार जैसे लैपटॉप, टैबलेट आदि भी प्रदान किए जाएंगे।
-
वर्जन
राष्ट्रीय पेंटिंग प्रतियोगिता से न केवल बच्चों की चित्रकला प्रतिभा को मंच मिलेगा बल्कि उन्हें ऊर्जा की खपत कम करने की प्रेरणा मिलेगी। यह पहल छात्रों के भीतर ऊर्जा संरक्षण की आदत विकसित करने और भविष्य में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक साबित होगी।-सुभाष चंद, जिला शिक्षा अधिकारी, रेवाड़ी