रेवाड़ी। जिले के महाविद्यालयों में स्नातक में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इस बार हरियाणा बोर्ड के 12वीं के परिणाम में जिले के 6212 विद्यार्थी व सीबीएसई के परिणाम में 8 हजार विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
जिले के 11 सरकारी, 4 सरकारी सहायता प्राप्त और 3 स्वयं वित्तीय पोषित सहित 18 कालेजों में करीब 7 हजार विद्यार्थी आवेदन करेंगे। विद्यार्थी एक से अधिक कालेजों में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिले में डिग्री कालेजों में विभिन्न संकायों की 9 हजार 100 सीटें हैं। नए सत्र में आरंभ हो रहे इस कोर्स में छात्राओं की संख्या के अनुसार सीटें बढ़ाई जा सकती हैं।
छात्र ऑनलाइन आवेदन करते समय सभी बिंदुओं को सोच समझ कर सामने ही भरें। यदि आवेदन प्रक्रिया में उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा हो तो वे राजकीय महाविद्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक स्थापित की गई हेल्प डेस्क से जानकारी ले सकते हैं।
राजकीय महाविद्यालय कोसली के प्राचार्य डॉ. विवेक कुमार ने बताया कि महाविद्यालयों में प्रवेश चाहने वालों के लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। किसी भी स्थिति में पोर्टल पर पंजीकरण के बिना दाखिले की अनुमति नहीं दी जाएगी। महाविद्यालयों में दाखिले राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत किए जाएंगे।
ये दस्तावेज होने जरूरी :
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन करते समय विद्यार्थियों को सत्यापित परिवार पहचान-पत्र, आधार कार्ड, 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, फोटो, चरित्र प्रमाण-पत्र लाना अनिवार्य है। आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए जाति प्रमाण-पत्र तथा हरियाणा रिहायशी प्रमाण-पत्र भी अनिवार्य है। वहीं हरियाणा शिक्षा बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी लाना अनिवार्य है।
..........
वर्जन :
सोमवार से स्नातक में आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। विद्यार्थी जिस भी संकाय ओर महाविद्यालय में दाखिला लेना चाहते हैं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अगर आवेदन प्रक्रिया में उन्हें समझ नहीं आ रहा हो तो महाविद्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक स्थापित की गई हेल्प डेस्क से जानकारी ले सकते हैं।
-डॉ. विवेक कुमार, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय कोसली