फोटो : 7आरोपी, नवीन डागुर। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने पुराने नोट के बदले लाखों रुपये का लालच देकर करीब 96 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला भरतपुर के मोहल्ला गोपालगढ़ हाल आबाद मारुती चौक घिटोरनी दिल्ली निवासी नवीन डागुर के रूप में हुई है।
जांच के बाद पुलिस ने नवीन डागुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी नवीन डागुर के खाते में 32 हजार 320 रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
एसपी कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 9 जून को गांव जैनाबाद निवासी युद्धवीर सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसने 4 जून को यूट्यूब पर पुराने नोट के बदले अधिक पैसे देने का विज्ञापन देखा था। उसने विज्ञापन में दिए गए नंबरों पर संपर्क करते हुए बताया कि उसके पास पांच रुपये का एक पुराना नोट है जिस पर ट्रैक्टर छपा हुआ है।
फोन रिसीव करने वाले ने उसे बताया कि इस नोट के बदले उसे 25 लाख रुपये मिल जाएंगे। इसके लिए उससे पहले 7200 रुपये यूपीआई से ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। उसने यह राशि यूपीआई से ट्रांसफर कर दी। आरोपी ने उससे कुल 95 हजार 820 रुपये अलग-अलग खातों में डलवा लिए। इसके बाद उससे और अधिक राशि की मांग की तो उसे ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी।